देहात कोतवाली के कटरामेदनीगंज पुलिस चौकी के करीब झाड़ियों में मृत मिले आकाश यादव की मौत के खुलासे के लिए परिजनों ने पुलिस को 48 घंटे की मोहलत दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी समेत अन्य मांगों की जिद पर अड़े परिजन सीओ रानीगंज व पूर्व विधायक के आश्वासन पर शुक्रवार को अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए।
रानीगंज के पंडितपुर निवासी उदयराज का इकलौता बेटा आकाश सोमवार को घर से निकला था। मंगलवार को उसका शव कटरामेदनीगंज पुलिस चौकी के पीछे मिला। बेटे के मौत की खबर मिलने पर उदयराज दुबई से बुधवार को घर पहुंचे। वे आकाश की हत्या का आरोप लगाते हुए घटना का खुलासा करने व आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग करते रहे।
बृहस्पतिवार को सीओ रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी भी मृतक के घर पहुंचे। परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाते रहे लेकिन वे सुनने को तैयार नहीं थे। इसी बीच भाजपा नेता व रानीगंज के पूर्व विधायक धीरज ओझा और सपा नेता वासिक खान पहुंचे। पिता उदयराज ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई, सुरक्षा व आर्थिक मदद का मांग पत्र सीओ रानीगंज को सौंपा है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन को 48 घंटे की मोहलत देते हुए कहा कि इस बीच घटना का पारदर्शी तरीके से खुलासा होना चाहिए। अन्यथा परिवार के लोग आंदोलन को बाध्य होंगे।
इधर, सीओ सिटी प्रशांत राज मां शीतला देवी धाम स्वाट टीम लेकर पहुंचे। मंदिर में लगे कैमरे देखे गए। उन्होंने बताया कि मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। खोजबीन की जा रही है।
मंदिर में अकेले दिखा आकाश
पुलिस सूत्रों के अनुसार मां शीतला देवी मंदिर व पूर्व सांसद के आवास से लेकर होटल तक लगे कैमरे में आकाश अकेले दिख रहा है। इसके बाद वह गांव के ही ई-रिक्शा चलाने वाले युवक के साथ भी दिखा था। उससे पुलिस पूछताछ कर चुकी है।