प्रतापगढ़ जिले की महिला का सीधी मप्र से तीन महिलाओं ने पति से मिलवाने के नाम पर अपहरण कर लिया। कार से महिला को लेकर भाग रहीं अपहृतकर्ताओं को कुछ ग्रामीणों ने मारकुंडी के पास देखा तो शक होने पर पुलिस सूचना दी। पुलिस ने तीन अपहृतकर्ताओं को पकड़कर महिला को सुरक्षित छुडा लिया जबकि कार लेकर चालक भाग निकला। तीनों महिलाएं मैनपुरी व एटा जिला निवासी हैं। जिनका मकसद महिला को बेचना था।
प्रतापगढ़ के संग्रामपुर कुंडा निवासी रीता देवी (23) ने बताया कि वह अपने पति धर्मेंद्र के साथ गुजरात में रहकर मजदूरी करते हैं। सीधी मप्र में रहने वाली मौसी के घर में शादी होने पर वह दोनों आए थे। मौसी के घर उसे छोड़कर पति गांव लौट गए थे। सात मार्च गुरुवार को शादी के दिन तीन अज्ञात महिलाएं उसके घर के पास मिलीं। तीनों ने कहा कि उसके पति शंकर जी के मंदिर में खड़े हैं चलो उससे मिलवा दें।
इसके बाद वह तीनों उसे लेकर कुछ दूरी में खड़ी एक कार में बैठा लिया। उसे कुछ नशीला पदार्थ सुंघा दिया। काफी देर बाद उसे होश आया तो उसने विरोध किया तब तीनों महिलाओं ने उसे धमकी देकर चुप रहने के लिए कहा। शुक्रवार को मारकुंडी गांव के पास से गुजरी कार में कुछ ग्रामीणों ने देखा कि एक महिला छटपटा रही है और उसे दो महिलाएं पकड़ रही हैं। शक होने पर पुलिस सूचना दी।
थाना प्रभारी मनीषकुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कार का पीछा किया। छोटी पाटिन के मोड़ पर कार को रूकवा लिया। कार से चार महिलाओं को नीचे उतारकर पूछताछ की तो सारा राज खुल गया। इसी बीच कार लेकर चालक भाग निकला। थाना प्रभारी ने बताया कि अपहरण करने वाली महिलाओं का उददेश्य अपहृता रीता को मोटी रकम लेकर बेचना था। उसके परिजनों को सूचना देकर बुलाया गया है।तीनों महिलाओं के पास से कई संदिग्ध सामग्री मिली है। इनके पुराने रिकार्ड को खंगालने के लिए मैनपुरी व एटा पुलिस की मदद ली जा रही है।