पट्टी कोतवाली के बेलसंडी में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम ने जौनपुर और सुल्तानपुर मेंं डेरा डाल दिया है। इधर, पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपियों को एसआरएन अस्पताल प्रयागराज में भर्ती कराया गया है।
पट्टी कोतवाली क्षेत्र में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों के घर बेलसंडी में मंगलवार शाम पुलिस व राजस्व विभाग की टीम दो बुलडोजर लेकर पहुंच गई थी। पुलिस की मौजूदगी में हाई वोल्टेज ड्रामा करीब ढाई घंटे तक चला। अंधेरा होने के पहले नायब तहसीलदार यह कहते हुए वापस हो लिए कि अभी नक्शा नजरी न होने से पैमाइश संभव नहीं है।
देर रात कलनियन नहर पुलिया के पास अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) दुर्गेश कुमार सिंह, सीओ रानीगंज विनय कुमार साहनी के नेतृत्व में पुलिस सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी बेलसंडी निवासी वसीम व मकबूल अली को पकड़ने पहुंची। आरोपी पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भाग निकले। पुलिस की जवाबी फायरिंग में वसीम के बाएं व मकबूल के दाएं पैर में गोली लगी।
आननफानन उपचार के लिए दोनों को सीएचसी पट्टी ले जाया गया। वहां से सभी को मेडिकल कॉलेज भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को एसआरएन अस्पताल भेजा। जहां पुलिस अभिरक्षा में दोनों आरोपियों का उपचार चल रहा है। मुठभेड़ में पकड़े गए आरोपियों के पास से तमंचा कारतूस बरामद हुआ। फरार दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस की दो टीमें जौनपुर व सुल्तानपुर में संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पहुंचकर जुटाया साक्ष्य
गैंगरेप के दो आरोपियों को मुठभेड़ में पकड़ने के बाद पुलिस टीम ने क्राइम सीन बनाने के लिए घेराबंदी की। बुधवार को कोतवाली पट्टी की पुलिस के साथ फील्ड यूनिट की टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन करते हुए साक्ष्य संकलित किया।
बुलडोजर से सहमे हैं फरार आरोपियों के परिजन और पड़ोसी, पसरा है सन्नाटा
सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों को पकड़ने में नाकाम पुलिस मंंगलवार शाम दो बुलडोजर व राजस्व विभाग की टीम लेकर पहुंची। आरोपियों के घरों के आसपास जमीन की पैमाइश की जाती रही। जिससे आरोपियों के परिजन ताला बंद कर फरार हो गए। बुलडोजर की कार्रवाई से सहमे 20 से अधिक पड़ोसी भी ताला बंद कर चले गए। दो फरार आरोपियों के परिजन संग आसपास के लोग भी बुलडोजर की कार्रवाई की आशंका सहमे रहे। बेलसंडी में सन्नाटा पसरा रहा।
अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। गैंगरेप के दो आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान पकड़ने में कामयाब रही। फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
डॉ. अनिल कुमार, एसपी