मालिक ने ट्रक चोरी होने की झूठी सूचना देकर ट्रक पर लदा गेहूं कंधई इलाके में बेच दिया। मामले में जब पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की तो यह खुलासा हुआ। पुलिस ट्रक मालिक को हिरासत में लेकर ट्रक बरामद करने के बाद चोरी हुए गेहूं के बारे में पता लगा रही है।
कंधई इलाके के नारायणपुर गांव निवासी रमेश कुमार ट्रक मालिक है। वह अपना ट्रक खुद चलाता है। बीते शुक्रवार की रात नौ बजे वह अपने खलासी को बुलाने के लिए ट्रक देव फिलिंग स्टेशन पर खड़ा कर गया था। उसके मुताबिक वह लौटा तो ट्रक गायब थी। ट्रक पर 18 टन गेहूं लदा था। उसकी सूचना पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस का माथा ठनक गया।
पुलिस ने कुछ घंटों में ट्रक को सिरनाथपुर गांव के सामने से बरामद कर लिया। इसके बाद पुलिस ने ट्रक मालिक रमेश कुमार को ही लेकर पूछताछ शुरू की तो नया खुलासा हुआ। ट्रक मालिक ने नीयत खराब होने पर ट्रक पर लदा गेहूं सिकरी कानूपुर गांव के एक व्यापारी को बेच दिया था। इस व्यापारी के यहां और भी कई स्थानों से चोरी के माल खरीदे जाने की सूचना पुलिस को मिली। फिलहाल पुलिस चोरी गए गेहूं की बरामदगी के प्रयास में जुटी हुई है। प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि चोरी का खुलासा हो चुका है।