सुनो, सुनो, सुनो आपके मोहल्ले में शातिर लुटेरा रहता है। जिससे आप सभी को सतर्क रहना है। यदि वह नजर आए तो उसकी सूचना पुलिस को दें। शहर से लेकर गांवों में को लाउड स्पीकर से कुछ इसी तरह की सूचनाएं पुलिस लोगों को दे रहे हैं। अपराधियों की धरपकड़ व सत्यापन की मुहिम के तहत पुलिस यह सूचनाएं लोगों को दे रही है।
पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने बताया कि अपराधियों को पकड़ने के लिए जिले भर में अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान पुलिस अपराधियों के घर और उनके मोहल्ले में जाकर लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को उनके बारे में बता रही है। जिले भर के 258 अपराधियों के घर जाकर लाउडस्पीकर के माध्यम से अपराधी का नाम लेकर मुनादी कराई जा रही है। साथ ही उनकी गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखने और उनकी संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील भी की जा रही है।
अपराधियों से अनजान होते हैं मोहल्ले के लोग
पुलिस का मानना है कि इस प्रकार के प्रयोग से जनता अपने क्षेत्र के अपराधियों को पहचान सकेगी और उनकी सूचना पुलिस को दे सकेगी। अमूमन कई कुख्यात अपराधियों के बारे में उनके ही मोहल्ले वाले अनजान होते हैं, और उन्हें पता ही नहीं चलता कि उनके पड़ोस में रहने वाला शख्स एक अपराधी है। उसके बारे में जानकारी होने के बाद लोग सतर्क हो जाएंगे। पुलिस को अपराधी के गतिविधियों की जानकारी मिलेगी।