घुइसरनाथ धाम पर निशान चढ़ाकर लौटते समय श्रद्धालुओं से भरी पिकअप सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इस पर सवार 9 लोग घायल हो गए। चार लोग मामूली रूप से चोटिल हुए, जबकि घटना के बाद चालक भाग निकला। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सीएचसी सांगीपुर में भर्ती कराया गया।
रायबरेली जनपद के नसीराबाद थाना क्षेत्र के पूरे बोधी बिन्नाव गांव की चांदनी (20), कल्पना (03), सुमित्रा (45), अनारा (65), पिंटू (50), अमित (18), अविनाश (22), भानुमती (55), जगदीश कुमारी (60) सहित कुल 13 लोग बुधवार को पिकअप पर बैठकर घुइसरनाथ धाम पर निशान चढ़ाने गए थे। यहां से लौटते समय शाम करीब पांच बजे मुरैनी गांव के पास बंधवा में पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इसमें नौ लोगों को ज्यादा चोट आई, जबकि चार लोग मामूली घायल हो गए। ग्रामीणों ने घायलों को उपचार के लिए सांगीपुर सीएचसी में भर्ती करवाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को परिजन रायबरेली ले गए। घायलों में सुमित्रा और अनारा की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि वाहन को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक मौके से भाग निकला।