रानीगंज के गौरा ब्लाक में पुनरोद्धार कार्य का लोकार्पण करते विधायक धीरज ओझा।
- फोटो : PRATAPGARH
शुक्रवार को गौरा ब्लाक के सभागार में क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक हुई। बैठक में प्रधानों एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों को विकास योजनाओं की जानकारी देने के साथ नए प्रस्ताव भी लिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए बतौर मुख्य अतिथि विधायक धीरज ओझा ने कहा कि जर्जर सड़कें, बदहाल अस्पताल, बिजली की अव्यवस्था अब रानीगंज की यह पहचान नहीं रही। मूलभूत सुविधाओं के साथ विकास कार्यों से रानीगंज की तस्वीर बदल गई है। पृथ्वीगंज बाजार व सुवंसा को नगर पंचायत का दर्जा मिल गया है। इससे अब सारी शहरी सुविधाएं गांवों भी दिखेंगी।
दिलीपपुर में नए थाने का निर्माण व रोडवेज बसड्डे का निर्माण जल्द शुरू होने वाला है। इससे लोगों को अब चक्कर नहीं लगाने होंगे। बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा चिकित्सा सहित तमाम विकास कार्य रानीगंज विधानसभा क्षेत्र में हो रहे हैं। खंड विकास अधिकारी गौरा अजय पांडेय ने कार्यवाही की पुष्टि के साथ बैठक के एजेंडे की शुरुआत की। बताया कि अब गांव में खेल के मैदान गांधी चबूतरा व पार्क आदि के कार्य भी मनरेगा से कराए जा सकेंगे।
एडीओ पंचायत विजय शुक्ला ने बताया कि अब तक विकासखंड में 22 347 शौचालय बन चुके हैं । ब्लाक प्रमुख राकेश सरोज ने कहा कि सामंजस्य पूर्ण तरीके से काम करने में यहां के प्रधान बीडीसी सदस्यों का सहयोग सराहनीय है। इस अवसर पर एडीओ कोआपरेटिव गिरीश कुमार, संजय उपाध्याय, विधायक प्रतिनिधि नीरज ओझा, अजय ओझा, प्रधान विनोद पटेल मीडिया प्रभारी ललित तिवारी आदि मौजूद रहे।