थाना क्षेत्र के नागापुर निवासी शानू ने पुलिस को तहरीर देकर कार सवार लोगों पर अगवा करने का आरोप लगाया है। तहरीर के अनुसार मंगलवार को वह बाइक से अपने साले नंदन व गांव के सोनू के साथ सगरासुंदर के जरैया ससुराल जा रहा था।
दोपहर करीब तीन बजे गोपालगंज के पास कार और बाइक में टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कार सवार लोगों ने गाड़ी में हुए नुकसान के एवज में 12 हजार रुपये की मांग की। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कार सवारों ने नंदन व सोनू को मारपीट कर जबरन गाड़ी में बैठाकर लिया। जबकि शानू मौके से भाग निकला।
उसकी सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने कार नंबर को ट्रेस करने के बाद घटना की सूचना चौकी इंचार्ज डेरवा को दी। चार घंटे बाद कार सवार लोगों ने बाइक समेत दोनों युवकों को चौकी इंचार्ज के सामने उसके परिजनों को सुपर्द किया। थाना प्रभारी विजयकांत सत्यार्थी ने बताया कि अपहरण जैसी कोई घटना नहीं हुई है। दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।