बेल्हा के लोगों के लिए वैष्णो देवी जाने की राह और आसान हो गई है। जम्मू के लिए सीधे एक और ट्रेन प्रतापगढ़ से होकर गुजरेगी, लेकिन इसके लिए जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी। सात अक्तूबर से हर शुक्रवार को हावड़ा से जम्मू के लिए सुविधा एक्सप्रेस प्रतापगढ़ होकर चलेगी। इस ट्रेन में कन्फर्म सीट की गारंटी होगी लेेकिन किराया हवाई यात्रा की तर्ज पर वसूला जाएगा। मतलब यात्रा की तिथि नजदीक होेने पर ज्यादा और तिथि दूर होने पर कुछ कम किराया देना होगा।
अभी तक जम्मू के लिए प्रतापगढ़ से एकमात्र ट्रेन अर्चना एक्सप्रेस है। वह भी सप्ताह में मात्र मंगलवार और शनिवार को ही जाती है। रेलवे ने अब वैष्णो देवी जाने वाले लोगों को सुविधा एक्सप्रेस की सौगात दी है। हावड़ा से यह ट्रेन हर गुरुवार को रात 11 बजकर 55 मिनट पर छूटेगी और अगले दिन शुक्रवार दोपहर एक बजकर पचास मिनट पर प्रतापगढ़ पहुंचेगी। यहां दो मिनट का ठहराव होगा। बीस घंटे 38 मिनट के सफर के बाद अगले दिन शनिवार को सुबह यह 10.30 बजे ट्रेन जम्मू पहुंचेगी। जम्मू से हर शनिवार यह ट्रेन रात आठ बजकर 10 मिनट पर छूटेगी और अगले दिन रविवार को तीन बजकर तैंतीस मिनट पर प्रतापगढ़ पहुंचेगी। आइआरसीटीसी ने ट्रेन के लिए टिकटों की बुकिंग शुरू कर दी है।