नया माल गोदाम रोड पर फ्लाईओवर निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। लोक निर्माण विभाग सेतु निगम के मुख्य अभियंता ने प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति फिर से प्रदान कराने के लिए विभागीय विशेष सचिव को पत्र भेजा है। उम्मीद जताई जा रही है कि जून माह में ही टेंडर हो जाएगा।
नया माल गोदाम रोड क्राॅसिंग के पूर्वी छोर पर रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। सदर व रानीगंज विधानसभा के लोगों को क्राॅसिंग पर घंटों वाहन लेकर खड़े रहना पड़ता है। खासकर बीमार लोगों को लेकर अस्पताल जाने में समस्या होती है।
इस क्राॅसिंग से नगर पंचायत पृथ्वीगंज, दिलीपपुर समेत तीन दर्जन से अधिक गांव के लाेगों का आवागमन होता है। इस समस्या को देखते हुए सांसद संगमलाल गुप्ता ने फ्लाईओवर निर्माण की दिशा में प्रयासरत रहकर रेलवे बोर्ड से स्वीकृति दिलाई।
राज्य सरकार की ओर से नाबार्ड योजना के तहत भंगवा चुंगी से भंगवा गांव मार्ग और रेलवे कॉलोनी पूर्वी सहोदरपुर पर दो लेन फ्लाईओवर की अतिरिक्त शाखा के निर्माण के लिए 2022-23 में शासन से 10516.36 लाख रुपये की स्वीकृति मिली। लेकिन वित्तीय वर्ष की समाप्ति की वजह से धनराशि आहरित न होने के कारण कार्य की धनराशि लैप्स हो गई।
वित्तीय वर्ष 2023-24 में फ्लाईओवर की कार्ययोजना को अनुमोदित किया जा चुका है। 28 अप्रैल को प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग की अध्यक्षता में हुई बैठक में कार्य को स्वीकृति मिल चुकी है। लोक निर्माण विभाग के सेतु विंग के मुख्य अभियंता अशोक कुमार अग्रवाल ने 13 जून को विशेष सचिव लोक निर्माण को पत्र भेजकर स्वीकृत धनराशि 10516.21 लाख रुपये की प्रशासकीय और वित्तीय स्वीकृति फिर से प्रदान करने को कहा गया है।
ऐसे में अब फ्लाईओवर निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। बीते दिनों जनपद आगमन पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने भी फ्लाईओवर निर्माण का मुद्दा सांसद संगमलाल गुप्ता व सदर विधायक राजेंद्र मौर्य ने उठाया था।