प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करीब 9.16 करोड़ की लागत से बने शीतलागंज-उड़ैयाडीह मार्ग पर गड्ढे हो गए हैं। पैचिंग उखड़ने से आठ किमी लंबी सड़क की हालत खस्ताहाल है। करीब एक साल से मार्ग स्थित करनपुर खूंझी व सोनाही में सड़क पूरी तरह उखड़ गई है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद ठेकेदार ने पैचिंग कराई। बारिश में पैचिंग उखड़ गई है। जिससे राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है।
प्रधान असफाक अहमद, राजकुमार गुप्ता, मुदस्सिर मेंहदी व अमरनाथ त्रिपाठी ने सड़क मरम्मतीकरण की मांग की है। वहीं, चिलबिला से पट्टी मार्ग का मरम्मतीकरण कराया गया। निर्माण कार्य पर करीब दस करोड़ रुपये खर्च किए गए, लेकिन भारी बारिश के चलते सड़क की गिट्टियां उखड़ना शुरू हो गई है।
दीवानगंज चौराहे पर जगह-जगह सड़क जर्जर हो गई है। सड़क के मध्य में बड़ा सा गड्ढा लोगों के लिए मुसीबत का सबब बना है। लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता एसके गौतम ने बताया कि मार्ग का सर्वे कराकर शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी। ताकि मरम्मतीकरण कराया जा सके।