जंक्शन पर नवनिर्मित वाशिंग लाइन पर अब पद्मावत एक्सप्रेस की सफाई और मरम्मत का कार्य प्रारंभ हो गया है। इससे साफ सुथरी पद्मावत एक्सप्रेस ट्रेन पर सवार होकर मुसाफिर सफर कर सकेंगे।
मॉडल जंक्शन प्रतापगढ़ में वाशिंग लाइन न होने के कारण पद्मावत, इंटरसिटी, उद्योगनगरी और भोपाल के साथ दो पैसेंजर ट्रेनों की सफाई और धुलाई ठेकेदार के कर्मचारी करते थे। यह काम ट्रेनों को चार और पांच नंबर लाइन पर लाकर किया जाता था। इस कारण प्लेटफार्म नंबर तीन पर जलजमाव हो जाता था। गंदगी के चलते यात्रियों को परेशानी होती थी।
इतना ही नहीं वाशिंग लाइन न होने के कारण ट्रेनों की सही तरीके से सफाई और धुलाई नहीं हो पाती थी। चार वर्ष से निर्माणाधीन वाशिंग लाइन अब बनकर तैयार हो गई है। अफसरों के निर्देश के बाद प्रतापगढ़ के कर्मचारियों ने पद्मावत ट्रेन को वाशिंग लाइन पर लेकर सफाई और धुलाई का कार्य शुरू करा दिया है।
स्टेशन अधीक्षक शमीम के मुताबिक पद्मावत एक्सप्रेस के सफाई और धुलाई की व्यवस्था हो गई है। धुलाई के बाद सवारी कोच की मरम्मत का काम वर्कशाॅप के मिस्त्री करेंगे। छोटी से छोटी समस्या पर उनकी नजर रहेगी। इसके बाद वे गाड़ी की मरम्मत रिपोर्ट लगाकर जब स्टेशन मास्टर के पास भेजेंगे तब ट्रेन को प्लेटफार्म पर लिया जाएगा। को दिल्ली के लिए रवाना किया जाएगा। स्टेशन अधीक्षक शमीम ने बताया कि पद्मावत एक्सप्रेस के साथ लखनऊ ही नहीं दिल्ली के साथ कानपुर व मुंबई जाने वाले यात्रियों को भी अब पहले से अधिक साफ-सुथरी ट्रेनों में बैठकर सफर करने का मौका मिलेगा।