बुधवार देर रात दावत से लौट रहे बाइक सवार बैंक संविदाकर्मी की सड़क हादसे में मौत हो गई। किसी वाहन की चपेट में आना उनकी जान पर भारी पड़ गया। बैंक कर्मी की पत्नी ने अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कराने की तहरीर दी है। पुलिस ने जांच के बाद केस दर्ज करने का आश्वासन दिया है।
लालगंज कोतवाली के गौसपुर सलेम भदारी निवासी रामचंद्र यादव(37) नगर स्थित एक बैंक में संविदा पर काम करते थे। बुधवार की रात वह पूरे हरिकिशुन स्थित एक होटल पर दोस्तों के साथ दावत खाने गए थे। लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर स्थित होटल से दावत खाने के बाद देर रात बारह बजे के बाद रामचंद्र बाइक से घर के निकले थे।
पुलिस के मुताबिक होटल से कुछ दूर ही रामचंद्र पहुंचे थे कि रायबरेली की ओर जा रहे अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची कोवताली पुलिस उसे ट्रामा सेंटर ले गई। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे में रामचंद्र की मौत की सूचना पर परिजन रोते बिलखते अस्पताल पहुंचे। उनकी पत्नी गीता देवी की तहरीर दी तब पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। कोतवाल कमलेश पाल ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद