महाकुंभ जाने वाले स्नानार्थियों की संख्या बढ़ती जा रही है। सोमवार दोपहर अयोध्या से प्रयाग जा रही मेला स्पेशल ट्रेन पहुंचते ही हंगामा हो गया। इंजन के पीछे के दो कोच और गार्ड के बगल के एक कोच का गेट अंदर से बंद था। ट्रेन के इंतजार में प्लेटफार्म पर बैठे दर्शनार्थियों के हंगामा करने पर पुलिसकर्मियों ने गेट खुलवाया।
मां बेल्हादेवी जंक्शन होकर आठ ट्रेनें प्रयागराज भेजी गईं। इन ट्रेनों में अयोध्या, सुल्तानपुर से ही दर्शनार्थी सवार हो गए थे। दोपहर 12 बजे एक स्पेशल ट्रेन जंक्शन पर पहुंची तो कुछ लोग सिर पर बैग रखकर ट्रेन में सवार होने के लिए भागदौड़ करने लगे। इंजन के पीछे के दो कोच और गार्ड के पहले वाले कोच का मेन गेट अंदर से बंद था। स्पेशल ट्रेन करीब 13 मिनट तक रुकी रही।
पार्सल यान में खड़े होने भर की जगह नहीं
सोमवार शाम छह बजे एक स्पेशल ट्रेन अयोध्या से प्रयाग जा रही थी। पार्सल यान में पहले से लोग बैठे थे। खड़े होने भर का जगह नहीं था। कुछ दर्शनार्थी इंजन पर जाकर खड़े हो गए। रेलवे पुलिस पहुंची और डंडा पटककर सभी को इंजन से उतार दिया। कोच के अंदर करके बाहर से उनके गमछे से गेट को बांध दिए। जिससे दर्शनार्थी गिरने न पाए।