शासन पर भरोसा जताएं, चुनाव निष्पक्ष कराया जाएगा। किसी भी समस्या के लिए हमारे नंबर पर फोन करके सीधे बताएं। हमसे भी कोई दिक्कत है तो कमिश्नर को बताएं। यह बातें जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी ने सोमवार को कुंडा कोतवाली में आयोजित चौपाल में कहीं। उन्होंने कहा कि चुनाव में कोई धांधली करने का प्रयास न करे। सारी सूचनाएं हमारे पास रहती हैं। वोट दें और सीधे घर जाएं। ढाई हजार लोगों को चिन्हित किया गया है। अगर इनमें से कोई वोट देने के बाद भीड़ लगाए मिला तो उसकी खैर नहीं होगी।
इस दौरान शहाबपुर के राजेश प्रभाकर सिंह ने बताया कि उनके यहां बूथ की समस्या है और गांव की सूची में वार्ड संख्या छह पूरी तरह से गायब है। जिलाधिकारी ने इस समस्या का निस्तारण करने के लिए एसडीएम को कहा। यही नहीं बिदासिन के ही एक व्यक्ति ने शिकायत की कि उसका नाम अब तक वोटर लिस्ट में आया ही नहीं। इसके अलावा नाम बढ़ाने की तमाम शिकायतें आईं। इस पर बताया गया कि 8 अक्तूबर तक नाम बढ़ाया जा सकेगा। इसके लिए संबंधित व्यक्ति को एसडीएम के सामने आना होगा। इस दौरान एसडीएम एके श्रीवास्तव, बीडीओ कुंडा रमाशंकर सिंह, कोतवाल आरके सिंह चंदेल सहित तमाम लोग मौजूद रहे।