पंचायत चुनाव सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। बवाली गांवों में अतिरिक्त फोर्स मौजूद रहेगी। दूसरे चरण का चुनाव कराने के लिए तकरीबन पांच हजार पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। अधिकारी भी अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर नजर रखेंगे। पहले चरण के पंचायत चुनाव में बवाल को देखते हुए अधिकारियों ने नई रणनीति के तहत व्यवस्था की है। अब बवाली गांवों को नए सिरे से चिह्नित किया गया है। चारों विकासखंडों में ऐसे 38 मतदान केंद्र चिह्नित किए गए हैं, जहां मतदान के दौरान हिंसक घटनाएं होने की प्रबल आशंका है।
इसके मद्देनजर अधिकारियों ने अब तय किया है कि ऐसे मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया जाएगा। अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र पर दरोगा, चार सिपाही मौजूद रहेंगे। इसके अलावा संवेदनशील केंद्रों पर मुख्य आरक्षी व तीन सशस्त्र पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। सेक्टर मजिस्ट्रेट व जोनल मजिस्ट्रेट को अधिक सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है। कोई भी गड़बड़ी की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। अधिकारियों की निगाह में अतिसंवेदनशील प्लस मतदान केंद्र रहेंगे। पीठासीन अधिकारियों संग होमगार्ड व चौकीदारों को भी अधिकारियों, सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट के मोबाइल नंबर दिए गए हैं ताकि किसी भी तरह के बवाल की आशंका को देखते हुए वे तत्काल अधिकारियों को अवगत करा सकें।