शुक्रवार को पंचायत चुनाव के पहले चरण में मतदान के दौरान खूनखराबे व बूथ कैप्चरिंग की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने सख्त रुख अपना लिया है। उन्होंने बूथ लूटने वालों को देखते ही गोली मार देने का आदेश जारी कर दिया है। उधर, चिह्नित बवालियों के मोबाइल सार्विलांस पर लगाए जाएंगे। उधर, जिले में चुनाव कराने के लिए तीन कंपनी अतिरिक्त पीएसी मिली है। मतदान अभिकर्ताओं के भी आपराधिक इतिहास खंगाले जाएंगे।
प्रथम चरण के मतदान दिन हुई हिंसा को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार सक्सेना ने निर्देश दिया है कि मतदान के दौरान बूथ पर पहुंचकर कर्मचारियों को डराने धमकाने व मतपत्रों को लूटने की कोशिश करने वालों को देखते ही गोली मार दी जाए।
ऐसे लोगों के साथ किसी भी तरह की रियायत नहीं बरती जाएगी। एसपी की मांग पर अधिकारियों ने दूसरे चरण का चुनाव कराने के लिए तीन कंपनी पीएसी भेजी है। मतदान के पहले ही सभी अभिकर्ताओं के आपराधिक इतिहास भी खंगाले जाएंगे। पहले चरण के चुनाव में पाबंद होने वाले 782 लोगों के खिलाफ 122 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई की जा रही है। ऐसे लोगों से जमानत की धनराशि वसूलने का आदेश दिया जा चुका है। एसपी ने चुनाव से जुड़े पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया है कि मतदान केंद्रों पर यदि कोई भी दबंगई करने की कोशिश करता है तो तत्काल अधिकारियों को अवगत कराया जाए। ताकि भ्रमण के दौरान पहुंचने वाली कलस्टर मोबाइल की टीम ऐसे लोगोें के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर सके। बवालियों के मोबाइल सार्विलांस पर लगाए जाएंगे। सादी वर्दी में पुलिसकर्मी मतदान केंद्रों के इर्द-गिर्द भ्रमण कर हालात पर नजर रखेंगे।