जिले में चौथे और अंतिम चरण के चुनाव के लिए नामांकन 9 अक्तूबर से शुरू होगा। जिला पंचायत सदस्य के 15 पदों के लिए प्रत्याशी शुक्रवार और शनिवार को अफीम कोठी में नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होने वाले नामांकन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कुंडा में 5, विहार में 4, बाबागंज में 4 और कालाकांकर में 2 जिला पंचायत सदस्यों के लिए होने वाले चुनाव के लिए शनिवार को नामांकन का अंतिम दिन होगा।
रविवार, सोमवार और मंगलवार को सार्वजनिक अवकाश होने के कारण 14 और 15 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की जांच और 16 अक्तूबर को नाम वापसी और उसी दिन तीन बजे के बाद चुनाव चिह्न का आवंटन किया जाएगा। चौथे चरण में चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को प्रचार-प्रसार का भरपूर मौका मिलेगा। तीन चरणों में नामांकन करने वाले प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न मिलने के बाद मात्र छह दिन प्रचार के लिए मिल रहा है, जबकि चौथे चरण के प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न मिलने के बाद 13 दिन का मौका मिल रहा है। गुरुवार को नामांकन स्थल अफीम कोठी में जिला पंचायत सदस्य पद के लिए प्रत्याशी नामांकन पत्र खरीदते रहे। सीआरओ रामसिंह वर्मा ने बताया कि चारों ब्लाकों के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं।