बुधवार को हुए प्रधानी के चुनाव ने सभी चरणों का रिकार्ड तोड़ दिया है। 64.67 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने अधिकार का प्रयोग कर जिले में नया मुकाम बनाया है। जिला पंचायत और प्रधानी के चुनाव में सबसे अधिक मतदान प्रतिशत चौथे चरण के चुनाव में रहा है। बुधवार को घने कोहरे और ठंड के बावजूद 64.67 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने अधिकार का प्रयोग किया। कुंडा, बाबागंज, कालाकांकर और विहार ब्लाक में हुए चुनाव में पहली बार मतदाताओं ने जिले का रिकार्ड अपने नाम किया। बुधवार को हुए मतदान में कालाकांकर ब्लाक सबसे आगे रहा।
कालाकांकर में 68 प्रतिशत, बाबागंज में 61.05 प्रतिशत, कुंडा में 65 प्रतिशत, विहार ब्लाक में 64.0 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने अधिकार का प्रयोग किया। इस प्रकार का कुल औसत 64.67 प्रतिशत रहा। जिला पंचायत और बीडीसी सदस्य के चुनाव में कुंडा तहसील में 56.37 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाला था। इस प्रकार कुंडा के लोगों ने बुधवार को 8.3 प्रतिशत अधिक वोट डाला। अगर बीते तीन चरणों के चुनाव पर नजर डाली जाए तो पहले चरण में 63.09 प्रतिशत, दूसरे चरण में 64.19 प्रतिशत, तृतीय चरण में 63.12 प्रतिशत और अंतिम चरण में 64.67 प्रतिशत मतदान हुआ है। हालांकि यह पहला मौका था जब कुंडा के मतदाता अपने अधिकार का प्रयोग करने के लिए इतने सजग दिखे।