चुनाव के मद्देनजर जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी ने सोमवार को थानों में प्रत्याशियों की बैठक ली। इसमें उन्होंने सभी को शांतिपूर्ण मतदान किए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि किसी भी गड़बड़ी के लिए प्रत्याशी ही जिम्मेदार होंगे। गड़बड़ी पर कार्रवाई में कोई रियायत नहीं होगी। रासुका तक लगा दिया जाएगा। ऐसे में सभी प्रत्याशी शांतिपूर्ण ढंग से मतदान किए जाने का प्रयास करें।
ज्यादा लोगों को उकसाने और विवाद कराने की स्थिति से दूर रहें। अगर कोई गड़बड़ी करने का प्रयास करता है तो पुलिस को तुरंत सूचित करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को लेकर भी विवाद नहीं होना चाहिए। जो नाम सूची में हैं यदि वह अपनी आईडी लेकर आते हैं तो उन्हेें मतदान करने दिया जाए। अब चुनाव के बाद ही मतदाता सूची के बारे में विचार किया जाएगा। कहा कि सभी सभी प्रत्याशी हमारे रडार पर हैं। उनकी हर हरकत की सूचना मिल रही है। ऐसे में वह यह न समझें कि वह जो करेंगे उसकी जानकारी नहीं होगी। उन्होंने पहले नवाबगंज, मानिकपुर, कुंडा फिर हथिगवां में प्रत्याशियों की बैठक ली। उनके साथ एएसपी दिनेश कुमार सिंह, सीओ कबींद्र नारायण मिश्र, सीआरओ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।