सोमवार से त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का आगाज हो गया। पहले चरण में आसपुर देवसरा, पट्टी, बाबा बेलखरनाथधाम, गौरा और शिवगढ़ ब्लाकों के प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। बीडीसी सदस्यों ने विकास खंड मुख्यालयों और जिला पंचायत सदस्यों ने अफीम कोठी में दल-बल के साथ पहुंच कर नामांकन किया। आदर्श आचार संहिता लागू होने के बावजूद लाव-लश्कर के साथ पहुंचे प्रत्याशियों ने भीड़ का प्रदर्शन कर अपनी ताकत दिखाई। पांच ब्लाकों में पहले चरण में होने वाले चुनाव के लिए जिला पंचायत के कुल 165 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। वहीं बीडीसी सदस्य के लिए 1181 ने पर्चा भरा।
सोमवार को जिला पंचायत सदस्य पद के नामांकन को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट रहा। अफीम कोठी और सदर ब्लाक परिसर अगल-बगल होने के कारण भारी भीड़ जमा रही। जिला पंचायत सदस्य के लिए नामांकन करने वाले प्रत्याशियों के साथ आने वाली भीड़ को रोकने के लिए अफीम कोठी के बाहर कटरामेदनीगंज रोड पर दोनों ओर बैरियर लगाकर आम आदमी के लिए रास्ता बंद किया गया था। प्रत्याशी और उनके प्रस्तावकों को ही अंदर जाने की अनुमति दी जा रही थी। अफीम कोठी सभागार में नामांकन के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे। सुबह आठ बजे से प्रारंभ हुए नामांकन में दोपहर बाद प्रत्याशियों की भीड़ उमड़ पड़ी।
शाम चार बजे तक अफीम कोठी में प्रवेश करने वाले प्रत्याशियों को हाल में बैठाकर शाम पांच बजे तक नामांकन की प्रक्रिया पूरी कराई गई। भारी संख्या में अपने समर्थकों के साथ पहुंचने वाले प्रत्याशी अपनी ताकत दिखाने से नहीं चूके। प्रत्याशी और पार्टी के जिंदाबाद के नारे लगाते हुए समर्थक नामांकन स्थल तक पहुंच रहे थे। पहले दिन हुए नामांकन में जिला पंचायत के कुल 165 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र भरा। इस दौरान चुनाव अधिकारी सीआरओ राम सिंह वर्मा पूरे समय तक जमे रहे। उन्होंने बताया कि मंगलवार को भी प्रथम चरण के प्रत्याशी नामांकन करेंगे। इधर ब्लाकों में बीडीसी सदस्य के लिए हुए नामांकन में 1181 प्रत्याशियों ने पर्चा भरा। गौरा ब्लाक में सबसे अधिक 289 लोगों ने पर्चा भरा है। पट्टी में 200, आसपुर देवसरा 218, शिवगढ़ 266 और बेलखरनाथधाम में 208 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है।