शहर के अष्टभुजा नगर सगरा में वीडियो बनाते देख आग बबूला हुए सिविल लाइन चौकी प्रभारी ने युवक का मोबाइल छीन लिया। उसके मां को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। आक्रोशित बेटे और बेटी मां को बचाने के लिए एसआई से भिड़ गए। हंगामा होने के बाद पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया। इस दौरान लोगों की भीड़ जुटी रही।
अष्टभुजा नगर सगरा में अतिक्रमण हटाने के लिए नगर पालिका टीम के साथ सिविल लाइन चौकी प्रभारी राजेश राय भी पहुंचे। सगरा में दीवार गिराने की कार्रवाई बुल्डोजर से की जा रही थी। मौके पर मौजूद युवक अतिक्रमण कार्रवाई का वीडियो बनाने लगा। वीडियो बनाते हुए युवक को देख सिविल लाइन चौकी प्रभारी राजेश राय का पारा चढ़ गया।
चौकी प्रभारी ने युवक से मोबाइल छीन लिया। युवक और एसआई में बहस शुरू हो गई। वर्दी का रौब दिखा रहे एसआई ने युवक को पीटना शुरू किया तो बीच बचाव करने मां आ गई। एसआई ने मां को भी धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। मां को जमीन पर गिरते ही बेटे और बेटी नाराज होकर एसआई से भिड़ गए।
वहीं एसआई राजेश राय का कहना है कि युवक और उसके साथियों ने उनको पीटा है। उनका बिल्ला भी नोच लिया। कोतवाल जयचंद भारती ने बताया कि एसआई का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।