संगठित अपराध करने वालों पर लगेगा गैंगस्टर, जब्त होगी संपत्ति :एसपी
विज्ञापन
नवागत पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने कहा कि संगठित अपराध करने वालों पर गैंगेस्टर के तहत कार्रवाई होगी। उनकी संपत्ति भी कुर्क की जाएगी। अब एनसीआर दर्ज करने के लिए थानेदारों को उनसे या एएसपी से अनुमति लेनी होगी। फरियादियों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष विवेचना कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करनी होगी। जनता की समस्याओं को सुनने के लिए कोतवाली व थानों पर उपनिरीक्षकों की ड्यूटी रहेगी।
पुलिस लाइन सभागार में मीडिया से बात करते हुए पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि वह 2013 बैच के आईपीएस हैं। अमेठी, बलरामपुर व मऊ में बतौर पुलिस अधीक्षक काम कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि असलहों के साथ अपराध करने वाले अपराधियों की नए सिरे से कुंडली तैयार होगी। आपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई होगी। उनकी संपत्ति भी जब्त होगी। पुराने अपराधियों की थाने पर टॉपटेन सूची है। जिसे बदलकर नई सूची बनाई जाएगी। अपराध करने के लिए बदमाश पल्सर व अपाची का अधिक प्रयोग करते हैं। ऐसी बाइकों पर पुलिस की नजर रहेगी। स्कूली छात्रों, बुजुर्गों व स्कूटी सवार लोगों की चेकिंग से बचना होगा।
सराफ से हुई लूट की ली जानकारी
किशुनगंज/ मदाफरपुर। सराफ से लूट की हकीकत का पता करने के लिए नवागत पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य मौके पर पहुंचे। सराफ से लूट में प्रयुक्त बदमाशों की बाइक कोनी में मिल गई। घटनास्थल का जायजा लेने के बाद एसपी कंधई थाने पहुंचे। अव्यवस्थाओं को देख एसपी ने नाराजगी जताई। लुटेरों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई का निर्देश दिया। कंधई थाना क्षेत्र के राजमलपुर के करीब बुुधवार की रात सराफ संजय सोनी व पवन से बदमाशों ने करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवरात व दो मोबाइल लूटे थे। एसपी ने बुधवार को पीड़ित सराफ से पूछताछ की।