बेल्हा देवी धाम के समीप ट्रीटमेन्ट प्लांट का एसडीएम के पहुंचने के बाद शुरू हुआ निर्माण कार्य।
- फोटो : PRATAPGARH
एसडीएम के पहुंचते ही ट्रीटमेंट प्लांट का विरोध करने वाले भागे
दो दिन से बंद था निर्माण कार्य, डीएम तक पहुंचा मामला
प्रतापगढ़। मां बेल्हा देवीधाम में नाले का गंदा पानी फिल्टर करने के लिए निर्माणाधीन ट्रीटमेंट प्लांट का काम स्थानीय दबंगों ने यह कहते हुए रुकवा दिया कि यह हमारी निजी भूमि में बन रहा है। डीएम के निर्देश पर शनिवार को एसडीएम और तहसीलदार जब मौके पर पहुंचे तो बाधक बने दबंग फरार हो गए। एसडीएम ने चेताया है कि कोई बाधा पहुंचाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
एसडीएम सदर की जिम्मेदारी संभालने वाले मोहनलाल गुप्ता और तहसीलदार सदर मनीष कुमार दोपहर में बेल्हाधाम में निर्माणाधीन ट्रीटमेंट प्लांट पहुंच गए। ठेकेदार की मानें तो दो दिन पूर्व स्थानीय दबंगों ने यह कहते हुए निर्माण कार्य रोकवा दिया था कि निजी भूमि में निर्माण किया जा रहा है। दो दिन से खाली एसडीएम की कुर्सी पर तैनाती होते ही शनिवार को एसडीएम दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गए। राजस्व टीम के साथ पहुंचने पर अवरोध बने दबंग मौके से फरार हो गए। हालांकि एसडीएम पूरी टीम के साथ लगभग एक घंटे तक मौके पर मौजूद रहे, मगर कोई भी विरोध करने नहीं आया। उन्होंने अपने सामने निर्माण प्रारंभ कराया। इधर तहसील में एसडीएम ने वकीलों के साथ बैठककर एक दूसरे से परिचय प्राप्त किया।