निकाय चुनाव को लेकर मोहल्लों में चुनावी चकल्लस की रफ्तार तेज हो गई है। सोमवार को चेयरपर्सन के लिए 70 और सभासद पद के लिए 268 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र खरीदा। नामांकन स्थल पर गहमा-गहमी का माहौल दिखा। पुलिसकर्मी अलर्ट रहे। प्रत्याशियों के नामांकन की जानकारी अधिकारी लेते रहे।
जिले में निकाय चुनाव के नामांकन के दूसरे दिन भी प्रत्याशियों ने नामांकन से दूरी बनाए रखा। सोमवार को भी नगर पालिका से लेकर नगर पंचायतों में एक भी प्रत्याशियों ने अपना पर्चा नहीं भरा। सोमवार को नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए 6 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र खरीदा। इसके अलावा नगर पालिका परिषद के 25 वार्डो के सभासद पद के लिए 70 ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन पत्र खरीदा। इसके अलावा नगर पंचायत अंतू अध्यक्ष पद के लिए 3 नामांकन पत्र बिका। 9 सभासद प्रत्याशियों ने पर्चा खरीदा। सिटी प्रतापगढ़ में अध्यक्ष के लिए 10 और सभासद के लिए 21 नामांकन पत्र क्रय किया। कटरामेदनीगंज में अध्यक्ष पद के लिए 3 और सभासद के लिए 10 नामांकन पत्र खरीदा गया। नवसृजित नगर पंचायत रानीगंज में दूसरे दिन भी नामांकन दाखिल नहीं हुआ। अध्यक्ष पद के लिए 9 नामांकन पत्र खरीदा गया। सभासद पद के लिए 32 पर्चे बिके। लालगंज नगर पंचायत में 12 अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र खरीदा। सभासद के लिए 43 नामांकन पत्र की बिक्री हुई। कुंडा में अध्यक्ष पद के लिए 15 और 41 सभासद पद के लिए नामांकन पत्र की बिक्री हुई। मानिकपुर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए 10 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र खरीदा। सभासद पद के लिए 28 नामांकन पत्र खरीदे गए। पट्टी में अध्यक्ष पद के लिए 2 और सभासद पद के लिए 14 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। इस दौरान पुलिस बल मौजूद रहा।