अगर सब कुछ ठीकठाक रहा तो बिजली का बिल, पोल और कनेक्शन के लिये उपभोक्ताओं की भागदौड़ बंद हो जायेगी। उनको यह सारी सुविधाएं अब ऑनलाइन देने का मन बिजली विभाग बना चुका है। ऐसा हो जाने पर थोड़ी-थोड़ी बात के लिये उनको बिजली दफ्तर का चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उनकी जरूरत की सारी चीजें ऑनलाइन हाेंगी। बस आपको एक क्लिक करने की जरूरत होगी। सारी चीजें सामने होंगी।
इसी वर्ष दिसंबर माह तक बिजली विभाग का सारा काम कंप्यूटर पर ऑनलाइन होने वाला है। ऑनलाइन जुड़ने पर लोगों को कनेक्शन लेने, बिल जमा करने के साथ ही बिजली संबंधी अन्य समस्याओं के लिए कर्मचारियों, अधिकारियों और दफ्तर के बाबुओं का चक्कर काटने की नौबत नहीं आएगी। ऑनलाइन करने का काम दक्षिण की एक साफ्टवेयर कंपनी को दिया गया है। अभी हाल ही में इलाहाबाद में इसके लिए एक्सईएन और एसडीओ को प्रशिक्षित भी किया गया। एक्सईएन ओपी मिश्रा ने बताया कि दिसंबर तक सारी चीजें ऑनलाइन होने की उम्मीद है। इससे उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। उनको कनेक्शन, बिल जमा करने की सुविधा मिलेगी। साथ ही पोल, ट्रांसफार्मर आदि की समस्या का निपटारा करने में आसानी होगी।