कॉस्मेटिक की दुकान पर श्रृंगार के सामान खरीदतीं महिलाएं। संवाद
करवा चौथ का पर्व नजदीक आते ही शहर के कॉस्मेटिक की दुकानों पर शृंगार सामग्री की बिक्री बढ़ गई है। चूड़ी, बिंदी, मेहंदी और डिजाइनिंग कंगन महिलाओं को पसंद आ रहे हैं। इस बार कोलकाता और मुंबई से आई बिंदी सुहागिनों के शृंगार में चार चांद लगाएगी।
पंजाबी मार्केट, पल्टन बाजार, सिनेमा रोड, श्रीराम तिराहा, मीराभवन और चिलबिला समेत ग्रामीण बाजारों में भी पर्व से पहले रौनक दिखने लगी है। महिलाएं अपनी पसंद और परिधानों के रंग के अनुसार शृंगार के सामान खरीद रही हैं।
कॉस्मेटिक दुकानदार उमेश हसानी ने बताया कि कोलकाता और मुंबई से बिंदी मंगाई गई है। पांच से 50 रुपये तक की बिंदी महिलाओं को खूब पसंद आ रही है। दुकानदार आलोक अग्रहरि के मुताबिक, करवा चौथ की तैयारियों के लिए महिलाएं अभी से खरीदारी कर रही हैं। बाजार में डिजाइनिंग कंगन 45 से 750 रुपये तक, चूड़ी 25 से 200 रुपये दर्जन और मेहंदी 10 से 20 रुपये तक उपलब्ध है।