सीएम की जनसभा के लिए जीआईसी मैदान पर पांडाल लगाने को ट्रक से आये सामान को उतारते मजदूर।
- फोटो : PRATAPGARH
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सात सितंबर को बेल्हा आ रहे हैं। सीएम के कार्यक्रमों को लेकर अफसरों की सांसे अटकी हुई हैं। अफसरों को इस बात का भय सता रहा है कि मुख्यमंत्री यदि किसी निर्माण कार्य की गुणवत्ता देखने पहुंचे तो अफसरों पर गाज गिरना तय माना जा रहा है। फिलहाल दो साल से अधूरे पड़े गायघाट का मामला स्थानीय नागरिक सीएम के समक्ष उठा सकते हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सात सितंबर को विकास भवन में समीक्षा बैठक करेंगे और जीआईसी परिसर में जनसभा को संबोधित करेंगे। विकास भवन की साफ-सफाई जहां तेजी से हो रही है, वहीं जीआईसी परिसर में पंडाल लगाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। सोमवार को वाटरप्रूफ पंडाल लगाने का कार्य शुरू हुआ।
इधर भाजपा ने भीड़ जुटाने के लिए कसरत करना शुरू कर दिया है। सोमवार की शाम मालती इंटरकालेज में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर काशीक्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव, प्रदेश मंत्री शंकर गिरि, काशीक्षेत्र के महामंत्री काशीनाथ तिवारी, गोकुलनाथ श्रीवास्तव ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगे रहे।
शहर की मुख्य सड़क गायघाट रोड पर इन दिनों कदम रखना मुश्किल हो गया है। डीएम के कहने के बाद भी लोक निर्माण विभाग ने पैचिंग का कार्य नहीं कराया है। स्थानीय नागरिकों में गहरा आक्रोश है।