जेब में पैसा नहीं हैं और आप को यात्रा करनी है तो घबराने की जरूरत नहीं है। बस अपना एटीएम या डेबिट कार्ड साथ रखिए। परिवहन निगम अब पूरी तरह से कैशलेश होने की तैयारी में है। यात्रियों को टिकट अब स्वैप मशीन के जरिए दिए जाएंगे। इतना ही नहीं अगर किसी कारण वश मशीन एटीएम कार्ड को स्वीकार नहीं करती है तो परिचालक यात्रियों को परेशान नहीं करेंगे, बल्कि मांग मत्र लेकर कार्ड विवरण के आधार पर उन्हें नि:शुल्क यात्रा कराएंगे। बाद में उनके खाते से किराया विभाग काट लेगा।
आठ नवंबर को पांच सौ और एक हजार के नोट बंद होने के बाद भी यात्रियों की सुविधा को देखते हुए नौ दिसंबर तक परिवहन निगम की बसों में पुराने नोट लिए गए। अब नोटबंदी से आ रही दिक्कतों और कैशलेस की दिशा में कदम बढ़ाते निगम ने किराए में नकदी का झंझट खत्म करने का फैसला किया है। इससे तहत विभाग बसों के परिचालकों को स्वैप मशीन उपलब्ध करा रहा है। जिससे किराए का पैसा खाते से आनलाइन काट लिया जाएगा। इसी के साथ विभाग की ओर से कैशलेस व्यवस्था के अतिरिक्त छूटवाले टॉपअप सुविधा युक्त स्मार्ट कार्ड भी जारी किए जा रहे हैं। विभाग की ओर से परिचालकों को निर्देश दिया गया है कि यात्रियों से नकदी कम लें और स्मार्ट कार्ड पर यात्रा करवाएं।
शासन ने यह आदेश भी जारी किया है कि किन्ही परिस्थितियों में यदि स्वैप मशीन कार्ड स्वीकार नहीं करती है तो यात्रियों को दिक्कत न दी जाए। यात्री के कार्ड विवरण के आधार पर उसे नि:शुल्क यात्रा टिकट दिया जाए। यात्रियों सेे ट्रांजेक्शन की अनिवार्यता मांगपत्र फार्म को भरवा लिया जाए और ट्राईमेक्स से यात्रा राशि का भुगतान वसूल किया जाए।