पुलिसकर्मी भी नहीं होंगे तैनात, शासन के निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बदली रणनीति
प्रतापगढ़। कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के बाद अब सिर्फ सौ मीटर के दायरे में ही घेराबंदी होगी। जिससे दूसरे लोगों को दिक्कत का सामना न करना पड़े। पुलिसकर्मी भी नहीं तैनात होंगे। लोगों को खुद जागरूकता का परिचय देते हुए अपनी जांच करानी होगी। संक्रमित व्यक्ति बुजुर्गों व बच्चों से दूर रहेंगे। संक्रमित के परिवार के लोगाें को खुद दस दिनों तक अपने स्वास्थ्य पर नजर रखनी होगी। किसी प्रकार की दिक्कत होने पर तत्काल चिकित्सकों से राय लेकर उपचार कराएं।
जिले में लगातार कोरोना के मरीज मिल रहे हैं। मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा होने के कारण लोग दहशत में हैं। इसके बावजूद लापरवाही बरती जा रही है। शासन द्वारा अब कोरोना मरीज के मिलने पर उस एरिया को ढाई सौ मीटर के दायरे में सील नहीं करेगा। अब केवल सौ मीटर ही घेराबंदी होगी। यदि हाइवे पर संक्रमित का मकान है तो केवल किनारे-किनारे सौ मीटर ही घेराबंदी की जाएगी। अभी तक संक्रमित मिलने के बाद प्रशासनिक अमला रास्ते में भी बैरीकेडिंग कर देता था। जिससे लोगों का आवागमन पूरी तरह बंद हो जाता था। अब ऐसा नहीं होगा।
केवल संक्रमित व्यक्ति के घर के आसपास सौ मीटर के दायरे में घेराबंदी होगी। सीएमओ डा. अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि शासन की नई गाइडलाइन से अब दूसरे लोगों को समस्या नहीं होगी। संक्रमित व्यक्ति के परिवार के सदस्यों को खुद भी जागरूक रहना होगा। बाहर आने-जाने के दौरान सावधानी बरतनी होगी। बच्चों व बुजुर्गों से दूर रहना होगा। बहुत जरूरी हो तभी घर से बाहर निकलें। अपने स्वास्थ्य की बराबर जांच कराते रहे। दस दिनों तक घर पर रहकर अपनी स्वयं निगरानी करें। यदि कोरोना के लक्षण आते हैं तो तत्काल फिर से जांच कराएं।
मरीज दस दिन बाद जा सकेंगे घर
प्रतापगढ़। कोरोना पाजिटिव होने के बाद कोविड वन अस्पतालों में भर्ती होकर उपचार कराने वाले मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। स्वास्थ्य विभाग अब दोबारा उनकी जांच नहीं कराएगा, बल्कि दस दिन बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। हालांकि उन्हें सात दिन तक अपने घर में आइसोलेट रहना होगा। जबकि होम आइसोलेशन में रहने वालों को 17 दिन तक घर में अकेले रहते हुए स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइन का पालन करना होगा।
जिले में कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। बिना लक्षण वाले मरीजों को कोविड वन अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। दूसरी और तीसरी जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दी जा रही थी। अब ऐसा नहीं होगा। बिना लक्षण वाले मरीजों को दस दिन बाद कोविड अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी। उनकी दोबारा जांच नहीं होगी। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद अपने घर पर सात दिनों तक एकांत में रहना होगा। परिवार के लोगों से दूरी बनाकर रखनी होगी। यदि कोई संक्रमित मरीज होम आइसोलेशन में रहता है तो उसे 17 दिनों की अवधि पूरी करनी होगी। इस दौरान उसे नियमित जांच करानी होगी। सीएमओ डा. अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि शासन की नई गाइड लाइन के आदेशों का अनुपालन कराया जं रहा है।