मेडिकल कॉलेज के मरीजों को अब रात आठ बजे तक डिजिटल एक्सरे की सुविधा मिलेगी। मरीजों को एक्सरे कराने के लिए निजी सेंटर पर नहीं जाना पड़ेगा। 29 दिसंबर के अंक में अमर उजाला ने शाम चार बजे के बाद एक्सरे न होने का मुद्दा उठाया था। खबर प्रकाशित होने के बाद अब व्यवस्था में सुधार कर दिया गया है।
डॉ. सोनेलाल पटेल मेडिकल कॉलेज में सुबह आठ से शाम चार बजे तक ही डिजिटल एक्सरे की व्यवस्था थी। शाम चार बजे के बाद इमरजेंसी में आने वाले हादसे में घायल या फिर मारपीट में चोटिल लोगों का एक्सरे नहीं हो पाता था। इससे मरीजों को परेशान होना पड़ता था। इस मामले को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इस समस्या को देखते हुए सीएमएस डॉ. सौभाग्य प्रकाश ने सुबह आठ से रात आठ बजे तक डिजिटल एक्सरे की व्यवस्था शुरू करा दी गई है। इससे मरीजों को अब एक्सरे कराने प्राइवेट सेंटर पर नहीं जाना पड़ेगा।