जिले में हादसों को रोकने व यातायात नियमों का पालन कराने के लिए यातायात पुलिस के साथ ही उप संभागीय परिवहन विभाग अब सख्ती बरतने जा रहा है। पेट्रोल पंपों पर ही बिना हेलमेट के पेट्रोल लेने पहुंचने वाले बाइकों का चालान होगा। इसके लिए पेट्रोल पंपों पर ही हवलदारों की तैनाती होगी।
पेट्रोल पंपों पर नो हेलमेट, नो फ्यूल का नियम डीएम के आदेश से जारी था, लेकिन महाकुंभ के चलते कड़ाई से अनुपालन नहीं हो पा रहा है। ट्रैफिक पुलिस अब इसका अनुपालन कराने की जिम्मेदारी संभालेगी। प्रभारी यातायात जयचंद भारती ने बताया कि पेट्रोल पंपों के आसपास ट्रैफिक पुलिस लगाई जाएगी। जो उन वाहनों का चालान करेंगे जो बगैर हेलमेट के बाइक से तेल लेने पहुंचेंगे।
परिवहन विभाग भी पंप के आसपास अपने कर्मी लगाएगा जो उन बाइक का नंबर कार्यालय को नोट कराएंगे जो बिना हेलमेट तेल भरवा रहे हैं। ताकि विभाग ऐसे वाहनों पर जुर्माने की कार्रवाई कर सके। एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. दिलीप गुप्ता ने बताया कि नो हेलमेट, नो फ्यूल के आदेश का पालन कराने के लिए चालान और जुर्माने की कार्रवाई तेज की जा रही है।