मेडिकल कॉलेज में इलाज कराने आने वाले मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। ओपीडी के मरीज खून और पेशाब जांच के लिए सैंपल चार बजे तक दे सकते हैं। दोपहर एक बजे की बजाय शाम चार बजे तक ब्लड कलेक्शन सेंटर का संचालन होगा। नई प्राचार्या ने मरीजों की सहूलियत के लिए आदेश दिया है।
मेडिकल कॉलेज ओपीडी में औसतन रोजाना नए और पुराने तीन हजार मरीज इलाज कराने आते हैं। ओपीडी सैंपल कलेक्शन सेंटर में रोजाना एक हजार मरीजों का चिकित्सक ब्लड और पेशाब जांच कराते हैं। अभी तक नमूने लेने का समय दोपहर एक बजे तक था। इसके कारण 30 फीसदी मरीजों को अगले दिन जांच कराने आना पड़ता था।
इस समस्या को देखते मेडिकल प्राचार्या डॉ. रश्मि यादव ने नमूने लेने का समय बढ़ाकर शाम चार बजे तक कर दिया। मेडिकल कॉलेज के पैथालॉजिस्ट डॉ. अमित कुमार ने बताया कि बहुत से ऐसे मरीज होते हैं जिनको चिकित्सक ब्लड जांच लिख देते हैं मगर वे उसी दिन करा नहीं पाते हैं। इससे मरीजों को दूसरे दिन फिर से अस्पताल आना पड़ता है।
इस समस्या को देखते हुए प्राचार्या ने शाम चार बजे तक मरीजों की जांच के नमूने लेने का निर्देश दिया है। इसके अलावा इमरजेंसी में भर्ती मरीजों की 24 घंटे ब्लड, एक्सरे और सीटी स्कैन जांच की सुविधा मुहैया कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि शाम चार बजे के पहले ब्लड कलेक्शन सेंटर से हटने वाले कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी।