नहीं लिया जाएगा ऑफलाइन आवेदन, अब करना होगा ऑनलाइन आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का लाभ लेने के लिए लोग अब घर बैठे आवेदन कर सकते हैं। अब ब्लॉकों और नगर पंचायतों में ऑफलाइन आवेदन नहीं जमा होंगे। पात्रों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इस सुविधा से उन्हें विभाग का भी चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में बिचौलियों से निजात दिलाने के लिए अब ऑनलाइन आवेदन लिया जाएगा। अभी तक ब्लॉक और नगर पंचायतों में ऑफलाइन आवेदन जमा किए जा ते थे। शिकायत थी कि इस कार्य में बिचौलिए हावी रहते थे और बगैर सुविधा शुल्क लिए आवेदन पत्र समाज कल्याण विभाग नहीं भेजा जाता था। आवेदन को ऑनलाइन करने से विभाग पर भी स्थानीय राजनीतिज्ञों का दबाव भी खत्म हो जाएगा। इस व्यवस्था से जहां पात्रों को सहूलियत होगी, वहीं विभागीय कवायद भी कम करनी पड़ेगी।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गरीबी से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों की बेटियों के हाथ पीले करने के लिए कुल 51 हजार रुपये का अनुदान दिया जाता है। लाभार्थियों की शादी होने पर 35 हजार रुपये सीधे उनके खाते में भेजे जाते हैं। वहीं, दस हजार रुपये कीमत के सामान वर-वधू को दिए जाते हैं। छह हजार रुपये में खाने पर खर्च किया जाता है।
स्वत: हो जाएगा सत्यापन
आवेदन के साथ आधार नंबर संलग्न होने के कारण नाम, पता, उम्र आदि की जांच स्वत: हो जाएगी। विभाग को सिर्फ यह पता करना रहेगा कि आवेदक कहीं शादीशुदा तो नहीं हैं। जितने आवेदक रहेंगे, उनकी शादी सामूहिक विवाह कार्यक्रम में करा दी जाएगी। इससे पहले ऑफलाइन आवेदन होने पर पात्र का नाम, पता, उम्र का भी सत्यापन करना पड़ता था।
शासन ने फर्जीवाड़ा रोकने के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की व्यवस्था शुरू की है। आवेदन करते ही आधार कार्ड से अपने आप नाम, पता और उम्र का सत्यापन हो जाएगा। फिर ब्लॉक स्तर से सत्यापन कराया जाएगा।
-राजीव कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी