उपायुक्त राज्य कर ने अप्रैल माह की जीएसटी जमा नहीं करने वाले 34 ठेकेदारों को नोटिस भेजा है। फर्मों से भुगतान होने के बाद भी ठेकेदारों ने जीएसटी का भुगतान नहीं किया। उन्होंने नोटिस जारी करते हुए जीएसटी नहीं जमा करने वालों का भुगतान फर्माें से रोकने की चेतावनी दी है। साथ ही ठेकेदारों पर भारी अर्थदंड लगाया जाएगा। प्रवर्तन इकाई व्यापार स्थलों की जांच कर ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिले में 876 संविदाकार पंजीकृत हैं, जिसमें से 65 संविदाकारों ने मार्च में जीएसटी जमा नहीं किया। जबकि अप्रैल माह में 34 संविदाकारों ने फर्मों से भुगतान होने के बाद ही जीएसटी जमा नहीं किया है। 34 संविदाकारों पर करीब 1.64 करोड़ रुपये जीएसटी बकाया है।
उपायुक्त राज्य कर वेगराज सिंह ने बताया कि अप्रैल में 34 ठेकेदारों ने 164 लाख रुपये जीएसटी का भुगतान नहीं किया। ठेकेदारों के टैक्स जमा नहीं करने की स्थिति में फर्मों को भुगतान रोकने के निर्देश दिए गए हैं।