सदर तहसील के कटरा इंद्रकुंवर के ग्रामीणों ने गुरुवार को जनप्रतिनिधियों के खिलाफ हल्ला बोला। नारेबाजी करते हुए बोले बिजली नहीं तो वोट नहीं। ट्रांसफार्मर लगने के बाद भी ग्रामीणों के घर ढिबरी जल रही है। मोबाइल चार्ज करने के लिए दूसरों की मदद लेनी पड़ती है।
सदर विकासखंड के कटराइंद्रकुंवर पाल बस्ती में दो साल पूर्व राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना के तहत विद्युतीकरण कराया गया था। गांव के सभी मजरों में बिजली के पोल गाड़ने के बाद लाइन खींचकर ट्रांसफार्मर लगा दिया गया। पाल बस्ती, सरोज बस्ती व चौहान बस्ती में लगे ट्रांसफार्मर में कनेक्शन नहीं हो सका। जिससे ग्रामीणों को बिजली नहीं मिल सकी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विद्युत आपूर्ति कराने के लिए गांव के एक पंचायत प्रतिनिधि ने सभी से 50-50 रुपये तक वसूले हैं। इसके बावजूद बिजली नहीं जल सकी। इसके विरोध में ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी की।
बोले कि तमाम प्रयास के बाद भी बिजली की लाइन नहीं शुरू कराई गई। इससे बस्ती के लोगों को दूसरों के घर में मोबाइल चार्ज करने जाना पड़ता है। विद्युतीकरण के दौरान गांव में 21 बिजली के ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। जो मौजूदा समय में शोपीस बना हुआ है। ग्रामीणों ने साफ चेताया है कि यदि बिजली आपूर्ति प्रारंभ नहीं होती तो बस्ती के लोग मतदान में हिस्सा नहीं लेंगे। इस मौके पर भोलानाथ, छेदीलाल, मनराजी, रेखा देवी, राधा देवी, सीता देवी व बूधा देवी समेत ग्रामीण मौजूद रहे।
चुनाव आचार संहिता की खुलेआम उड़ रहीं धज्जियां
पट्टी (ब्यूरो)। जिला प्रशासन जहां एक ओर विधायक के वाहन से झंडे उतरवा रहा है वहीं पट्टी नगर के उड़ैयाडीह मोड़ पर राजनैतिक प्रत्याशियों की वाल पेटिंग व होर्डिग्स अब भी लगी हुई है। जिससे आचार संहिता की खुलेआम धज्जियां उड़ रही है। तहसील प्रशासन इस ओर गौर नहीं कर रहा है। चुनाव तिथियों की घोषणा के बाद पुलिस अफसर आचार संहिता के पालन के लिए कमर कस चुके हैं। वे सघन चेंकिग अभियान चलाकर नगर से तमाम होर्डिग्स बैनर व पोस्टर उतार दिए थे, लेकिन पट्टी नगर के उड़ैयाडीह मोड़ पर और तेरहमील के पास , दीवानगंज बाजार से नरसिंहपुर जाने वाली सड़क पर राजनैतिक पार्टियों की वाल पेंटिंग व होर्डिग्स अब भी दिख रही है। जबकि जिलाधिकारी ने आचार संहिता का पालन कराते हुए जिले के एक विधायक की गाड़ी से झंडा तक उतरवा दिया। तहसील प्रशासन चुनाव आचार संहिता का पालन कराने में नाकाम नजर आ रहा है।