फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सूरज ने तरेरी आंख, फूलने लगी सांस

Tue, 05 May 2015 12:01 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला प्रतापगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
राजस्थान की तरफ से चलीं पछुआ हवाओं ने मौसम का मिजाज तल्ख कर दिया है। अप्रैल तक बादलों की लुकाछिपी में दबे-दबे से दिख रहे भगवान भास्कर भी सोमवार को पूरी रौ में नजर आए। तेज धूप और पछुआ हवाओं के गठजोड़ का नतीजा यह हुआ कि पारा 41 के पार पहुंच गया। एकाएक गर्मी बढ़ने के कारण सबकी हालत खराब हो गई। दोपहर होते-होते शहर की सड़कें सूनी नजर आने लगीं। चौराहों पर सन्नाटा छा गया। चाय-पान की दुकानें भी खाली-खाली नजर आईं। बहुत जरूरी होने पर ही लोग घरों से बाहर निकले। सनई अनुसंधान केंद्र के मुताबिक, सोमवार साल का सबसे गर्म दिन रहा। अगले कुछ दिनों में गर्मी और बढ़ेगी।
विज्ञापन



रविवार से मौसम ने करवट बदलना शुरू कर दिया। सोमवार को सुबह दस बजे के बाद से ही पछुआ हवाएं चलने लगीं। धूप भी चरम पर थी। इससे रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड पर मुसाफिर बेहाल नजर आए। दोपहर में स्कूलों की छुट्टी होने के बाद घर लौट रहे बच्चे भी गर्मी और उमस के कारण हांफते नजर आए। शहर के भंगवाचुंगी, अंबेडकर चौराहा, सब्जी मंडी, ट्रेजरी चौराहा, मीराभवन चौराहे दोपहर होते-होते खाली हो गए। हर तरफ सन्नाटा पसर गया। सड़कों पर उमड़ने वाली भीड़ गायब हो गई। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड पर मुसाफिरों की संख्या बहुत कम रही।  सरकारी कार्यालयों के बाबू भी दिनभर दफ्तर से निकलने से परहेज करते रहे। हालांकि उमस और भीषण गर्मी के बीच बिजली भी धोखा देती रही। इससे लोग कार्यालयों में भी परेशान रहे। बिजली न होने के कारण घरों के भीतर भी लोगों को राहत नहीं मिल पा रही थी। सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 41.5 और न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें