जल्द ही जिला पंचायत जनपद में 10.70 करोड़ की लागत से नई सड़कों का निर्माण कराया गया। शासन से बजट मिलने के बाद जिला पंचायत सदस्यों से सड़कों के लिए प्रस्ताव मांगे जा रहे हैं। सदस्यों की दिसंबर में ही बैठक कराने की भी तैयारी चल रही है।
जिला पंचायत से सड़कों के निर्माण पर काफी दिनों से ब्रेक लगा हुआ था। शासन से विकास कार्यो के लिए मिलने वाला बजट जिला पंचायत को उपलब्ध नहीं कराया जा रहा था। करीब साल भर बाद शासन से जिला पंचायत को विकास कार्य कराने के लिए 10.70 करोड़ रुपये की धनराशि मिली है। जिससे पूरे जनपद में नई सड़कें बनाने की तैयारी है।
विकास कार्यों का खाका तैयार करते हुए जिला पंचायत सदस्यों से प्रस्ताव मांगा गया है ताकि निर्माण कार्यों को प्राप्त धनराशि के सापेक्ष खर्च किया जा सके। हालांकि पहले की अपेक्षा इस बार शासन से जिला पंचायत को कम धनराशि मिली है। पूर्व में भी प्रस्तावित कार्यों को प्रमुखता से कराने की तैयारी है।
इसे लेकर जिला पंचायत में कार्ययोजना तैयार होने के बाद बोर्ड की बैठक में सदस्यों के अनुमोदन के बाद निर्माण कार्य को हरी झंडी दिखाई जाएगी। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी पुनीत वर्मा ने बताया कि शासन से विकास कार्यो के लिए धनराशि प्राप्त हो गई है। जल्द ही सदस्यों की बैठक आहूत कर कार्ययोजना तैयार होगी।