सदर तहसील के निलंबित कानूनगो शिवशंकर शुक्ला को बहाल करने के लिए डीएम से सिफारिश करने वाले नेता की उस समय बोलती बंद हो गई जब डीएम ने कहा कि अभी विभागीय कार्रवाई भी होगी। यह सुनते ही नेताजी ने फोन काट दिए।
सदर तहसील में बने कंट्रोलरूम में लक्ष्मीगंज क्षेत्र में तैनात कानूनगो शिवशंकर शुक्ला की ड्यूटी लगाई थी। कंट्रोलरूम से लगातार तीन दिन बगैर सूचना के गायब रहने पर एसडीएम सदर मोहनलाल गुप्ता ने कार्रवाई के लिए डीएम को पत्र लिख दिया।
संकट की इस घड़ी में ड्यूटी से गायब रहने वाले कानूनगो को फोनकर कंट्रोलरूम में आने के लिए कहा गया। नहीं आने पर डीएम ने कानूनगो को निलंबित कर दिया। गुरुवार को ग्यारह बजे डीएम कलेक्ट्रेट पहुंचे ही थे कि एक एक नेताजी का फोन घनघना उठा।
स्टेनो ने नेताजी का नाम बताया तो डीएम ने तुरंत फोन रिसीव किया। कानूनगो को बहाल करने की बात कहते ही डीएम ने दो टूक जवाब दिया कि एसडीएम ने फोन करके बुलाया, फिर भी वह नहीं आए।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, अभी निलंबित हुए हैं, मगर अब उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी। डीएम का यह अंदाज देखकर नेताजी ने जी-जी कहते हुए फोन काट दिया।