प्रधान के बेटे ने रची थी लूट की साजिश
आसपुर देवसरा विकासखंड के मुनीपुर के प्रधान राकेश जायसवाल के बेटे अमन जायसवाल ने लूट की साजिश रची थी। अमन रामगंज बाजार में ही रहता था। अमन ने अभिषेक से मुनीम को लूटने की योजना बनाई। इसके लिए अभिषेक ने अपने रिश्तेदार दीपक से संपर्क किया। घटना को अंजाम देने के लिए पल्सर बाइक परिचित से मांगकर लाया गया। अमन कई दिनों से रेकी करने के बाद सोमवार को अभिषेक व दीपक को रुपये लूटने के लिए तैयार कर लिया। वह घटना के समय कुछ दूर पर खड़ा था। बाजार के युवकों की करतूत से लोग हैरत में हैं।
झोले में 4.15 लाख रुपये मिले तो भयभीत हो उठे लुटेरे
सूत्रों के अनुसार पहली बार लूट की वारदात करने वाले लुटेरे अभिषेक और दीपक मुनीम के हाथ से रुपयों से भरा झोला छीनकर भाग निकले। सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के बाद झोले के रुपये गिने तो उनके हाथ पैर फूल गए। घटना से पहले दोनों मुनीम के पास से 50 हजार होने की बात समझ रहे थे। अधिक रुपये देख वे भयभीत हो उठे। हालांकि अमन जायसवाल ने दोनों को समझाबुझाकर शांत कराया। इस बीच दीपक को 50 हजार रुपये भी दे दिए। शेष रुपये अमन व अभिषेक के पास ही थे।
बाइक की 441 नंबर प्लेट ने बदमाशों की खोली पोल
गल्ला कारोबारी के मुनीम से लूट की घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों की एक गलती ने उन्हें हवालात की हवा खिला दी। बदमाशों ने चेहरा छिपा लिया लेकिन बाइक के आगे प्लेट पर लिखा नंबर छिपाना भूल गए। जो पुलिस टीम ने खोज निकाला। बाइक के आगे नंबर प्लेट पर 441 लिखा था। जिसकी गहराई से चली तीन घंटे की छानबीन के बाद पुलिस को कामयाबी मिल गई।