बिजली विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही के चलते जेसीबी से क्षतिग्रस्त अंडर ग्राउंड 33 हजार की मेनलाइन 42 घंटे बाद भी ठीक नहीं हो पाई। बृहस्पतिवार को रात में गुल हुई बिजली शनिवार को खबर लिखे जाने तक बहाल नहीं हो सकी थी। प्रचंड गर्मी में दो दिन से आपूर्ति बाधित होने के कारण तीन उपकेंद्रों से जुड़े ढाई सौ अधिक गांवों के उपभोक्ता परेशान हैं।
रानीगंज तहसील क्षेत्र में हर घर नल से जल योजना के तहत पाइप लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग के किनारे कार्यदायी संस्था पाइप लाइन बिछाने के लिए खोदाई करा रही है। बृहस्पतिवार की रात जेसीबी से ऑपरेटर की लापरवाही से रानीगंज पॉवर हाउस के सामने व फतनपुर के पास 33 हजार की अंडरग्राउंड लाइन क्षतिग्रस्त हो गई।
इससे रानीगंज के खाखापुर, गौरा व पांडेयतारा उपकेंद्रों से जुड़े पांडेयतारा, बांसी, रामापुर, रहेडुआ, भवानीगढ़, कहला, खाखापुर, थरिया, फतनपुर, सुवंसा, पूरे गुसाईं, कतरौली, कनेवरा, बैरमपुर, कैलीडीह, गीतानगर, बेलासगंज, हीरापुर, मधवापुर ,जामताली, बिंदागंज, जगनीपुर सहित करीब ढाई सौ गांवों की बत्ती गुल हो गई। शुक्रवार सुबह से बिजलीकर्मियों ने मरम्मत का काम शुरू किया, लेकिन खराबी दूर नहीं की जा सकी। रात में आठ बजे के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों ने काम ठप कर दिया। रातभर गांव में अंधेरा छाया रहा।
शनिवार को उपभोक्ताओं ने उपकेंद्रों पर पहुंचकर आक्रोश जताया। इसके बाद बिजली विभाग के कर्मचारी सक्रिय हुए। शनिवार को दिनभर बिजली विभाग की टीम पसीना बहाती रही, मगर शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई। ऐसे में गर्मी से उपभोक्ताओं का बुरा हाल रहा। एसडीओ एसके सिंह ने बताया कि मेन का कार्य दुरुस्त हो गया है। 11 हजार की लाइन में आई दिक्कतों को दूर किया जा रहा है।