जनपद में शनिवार को अलग-अलग हुए हादसों में संग्रह अनुदेशक समेत तीन लोगों की मौत हो गई। सूचना मिलने पर मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ट्रक ने संग्रह अनुदेशक को रौंदा
कुंडा इलाके के ढिकुही खेमीपुर गांव निवासी रामलखन तिवारी (55) स्थानीय तहसील में संग्रह अनुदेशक के पद पर कार्यरत थे। शनिवार की सुबह करीब आठ बजे वह अपनी स्कूटी से राजस्व बकाएदारों से वसूली के लिए मानिकपुर की ओर जा रहे थे। हाईवे पर मवई बाईपास के पास बेकाबू ट्रक ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। ट्रक चालक भागने की कोशिश में उन्हें रौंदते हुए निकल गया। सूचना मिलने पर रामलखन की पत्नी लक्ष्मी देवी, बेटी सुषमा, रेनू, मीनू, सीमा, शशि रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचीं। उनकी बेटी रेनू की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। खबर मिलते ही एसडीएम सतीशचंद्र त्रिपाठी, तहसीलदार भानू प्रताप सिंह समेत राजस्व विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे।
लौली पोख्ताखाम के युवक की सुलतानपुर में मौत
स्थानीय थाना क्षेत्र के लौली पोख्ताखाम गांव निवासी अरुण यादव (25) सुल्तानपुर में प्राइवेट नौकरी करता था। शुक्रवार दोपहर बाद ड्यूटी पर जाते समय सुल्तानपुर नगर कोतवाली के अहिमाने के पास सरिया लदे ई-रिक्शा से वह टकरा गया। ई-रिक्शे पर लदी सरिया उसके सिर में घुस गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना देने के बाद उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलते ही परिजन बिलखने लगे। अरुण दो भाइयों में बड़ा था। छोटा भाई संदीप अभी पढ़ाई करता है।
मवेशी से टकराई बाइक, युवक की मौत
मानिकपुर थाना क्षेत्र के गोतनी गांव निवासी संजय सोनकर (22) शुक्रवार देर शाम बाइक से किसी काम से जा रहा था। गांव के आगे बुज्जू खां का पुरवा के पास अचानक दौड़ती हुई भैंस सड़क पर आ गई। राजेश ने बाइक काबू में करने के लिए ब्रेक लगाया, मगर तब तक देर हो चुकी थी। बाइक भैंस से टकरा गई। जिससे संजय गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस को सूचना दिए बगैर परिजन शव लेकर घर चले गए।
मृतक अरूण यादव। फाइल फोटो- फोटो : PRATAPGARH
मृतक राम लखन तिवारी। फाइल फोटो- फोटो : PRATAPGARH