पहली बार इंटरमीडिएट की टॉपटेन सूची में शामिल हुए आठ होनहार मेधावी
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में पहली बार ऐसा देखने को मिल रहा है कि प्रदेश की टॉपटेन सूची में बेल्हा के 11 विद्यार्थियों का नाम शामिल हैं। इसमें हाईस्कूल में तीन और इंटरमीडिएट के आठ छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
यूपी बोर्ड की परीक्षा में बेल्हा के बच्चों ने सूबे में अपनी अलग पहचान बनाई है। अभी तक प्रदेश की टॉपटेन सूची में जिले से एक या दो बच्चों का हा नाम आता था, मगर इस वर्ष के परिणाम में 11 बच्चों ने स्थान बनाया है। इसमें हाईस्कूल की परीक्षा में कृपालु बालिका इंटरकॉलेज की छात्रा श्रीयम त्रिपाठी ने 97.33 प्रतिशत अंक प्राप्त करके प्रदेश में पांचवा, पं. रामानंद इंटरकॉलेज की छात्रा प्रीती पटवा ने 97.17 प्रतिशत अंक पाकर छठवां और कृपालु बालिका इंटरकॉलेज की छात्रा जान्हवी यादव ने 96.83 प्रतिशत अंक हासिल करके आठवां स्थान स्थान हासिल किया है।
इंटरमीडिएट में एमबीएस इंटर कॉलेज के छात्र बालकृष्ण गुप्ता और बाबूलाल इंटरकॉलेज के शिव कमल मौर्या ने 96.4 प्रतिशत अंक पाकर संयुक्त रूप से छठां, एमबीएस इंटरकॉलेज सगरासुंदरपुर की सुप्रिया मोदनवाल ने 96.20 प्रतिशत अंकों के साथ सातवां, एसआरएनआईसी की छात्रा स्तुति सिंह ने 96.0 प्रतिशत अंकों के साथ आठवां और पीबी इंटर कॉलेज की छात्रा क्षमा सिंह, बजरंग इंटर कॉलेज के छात्र प्रकाशित, वीपीएसएम इंटर कॉलेज के प्रिंसू और बाबूलाल इंटर कॉलेज की छात्रा अंजली साहू ने 95.60 प्रतिशत अंक पाकर संयुक्त रूप से प्रदेश में दसवां स्थान प्राप्त किया है।