एक वर्ष के भीतर 2783 लोगों की जांच, 92 प्रतिशत लोग मिले फ्लोरोसिस पाजिटिव
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। जिले के लोगों को फ्लोराइड युक्त पानी बीमार कर रहा है। लोगों में फ्लोरोसिस का अटैक बढ़ा है। लोगों के दांत पीले हो रहे हैं और हड्डियां अकड़ रही हैं। कमर अकड़ने की शिकायतें आम हो गई हैं। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान चलाकर 2783 लोगों की जांच कराई। इनमें 92 फीसदी लोग फ्लोरोसिस पॉजिटिव पाए गए हैं।
राष्ट्रीय फ्लोरोसिस रोकथाम एवं नियंत्रण कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग ने इस वर्ष 35 गांवों में सर्वे कराकर 2046 लोगों की जांच कराई। जांच में 848 लोगों के दांत पीले मिले। 838 लोगों की हड्डी जाम होने के चलते लोगों की शरीर अकड़न के लक्षण मिले। 414 लोगों के मूत्र में फ्लोराइड मिला।
जिले के 12 स्कूलों के सर्वे में 637 बच्चों की जांच की गई। इनमें 474 बच्चों में फ्लोराइड के लक्षण मिले। विभाग के रिकार्ड के मुताबिक अब तक की गई 2783 लोगों की जांच में 92 प्रतिशत लोगों में फ्लोरोसिस के लक्षण मिले हैं। इस बीमारी के चपेट में जिले के अधिकांश लोग हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने सर्वे के आधार पर चिन्हित लक्षण युक्त मरीजों नमूने एकत्र कर जांच के लिए केंद्रीय लैब भेजे गए हैं। ऐसे मरीजों को मुफ्त दवाएं जा रही हैं। राष्ट्रीय फ्लोरोसिस कर्याक्रम के नोडल डॉ. मोहम्मद अनस ने बताया कि अब तक की गई जांच में 100 में 92 लोग पॉजिटिव मिले हैं। पानी में 1.5 से कम पीपीएम होना चाहिए। मगर जांच में यह 6.7 तक पाया गया है। उन्होंने बताया कि 156 लोगों की पेशाब जांच में 149 की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। इस बीमारी से बचने के लिए दूध, दही, हरी, सब्जी खाने में शामिल करनी चाहिए।
वर्जन-
जिले के लोगों को आंवला खूब खाना चाहिए। उसके जूस से भी इस बीमारी से बचा जा सकता है। पानी का संदेह हो तो सीएमओ आफिस में नि:शुल्क जांच कराई जा सकती है।
डॉ. जीएम शुक्ला, सीएमओ।