बसंतराय में युवक की मौत के मामले में चार आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। परिजनों ने विपक्षियों पर मारपीट के दौरान तालाब में गिरने से मौत होने का आरोप लगाया है। युवक का शव बसंतराय गांव में तालाब में उतराया मिला था पीएम रिपोर्ट में मौत की वजह पानी में डूबने से हुई बताई गई है।
लालगंज के पूरे बसंतराय निवासी शंकरलाल का शव बृहस्पतिवार को गांव के समीप तालाब में उतराया मिला था। जानकारी पर देर शाम पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। मामले में मृतक शंकरलाल के पिता दशरथ लाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उसका बेटा शंकरलाल तालाब के पास खड़ा था। इस दौरान गांव के अजय कुमार से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
आरोप है कि अजय ने अपने भाई दीपक, राजबली व हरकेश की पत्नी लाठी- डंडा लेकर उस पर टूट पड़े।
मारपीट के दौरान शंकरलाल तालाब में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। बीचबचाव करने पहुंचीं उसकी मां को भी आरोपियों ने मारापीटा था।कोतवाल अवन दीक्षित ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।