रेहुआ बाजार से घर लौट रहे युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से मौत हो गई। सूचना घर पहुंची तो परिजन रोने-बिलखने लगे।
उदयपुर के मंगापुर तिला भगत का पुरवा निवासी दिनेश कुमार वर्मा (26) बृहस्पतिवार की देर रात रेहुआ लालगंज बाजार गया था। वहां से वह साइकिल पर सवार होकर अपने घर जा रहा था। रास्ते में अज्ञात वाहन की चपेट में आकर घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजन गंभीर हालत में उसे सांगीपुर सीएचसी ले गए।
हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने दिनेश को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही रास्ते में लीलापुर के निकट उसकी मौत हो गई। दिनेश अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। वह घर पर ही रहकर किसानी करता था।
उदयपुर एसओ निकेत भारद्वाज ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।