प्रतापगढ़। सांसद के आदर्श गांव में हर पहलू पर सर्वे के लिए शासन से जारी गाइड लाइन जिला विकास कार्यालय पहुंच चुकी है। सर्वे में रोचक जानकारियां जुटाने का निर्देश दिया गया है। सर्वे के दौरान टीम गांव में विकास से लेकर लोगों की आदतों के बारे में भी पता लगाएगी। टीम के जरिए जुटाई गई जानकारियों की रिपोर्ट केन्द्र सरकार ने एक हफ्ते में मांगी है। जिला प्रशासन ने सर्वे की रणनीति तैयार कर ली है। सर्वे टीम में शामिल होने वाले अफसरों को अफीम कोठी में 19 जनवरी से प्रशिक्षण दिया जाएगा।
केन्द्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आदर्श गांव योजना के तहत सांसदों सेे एक गांव गोद लेने की अपील की थी। जिले के सांसद कुंवर हरिवंश सिंह ने सांगीपुर ब्लाक के शाहबरी गांव को गोद लिया है। जबकि इसी ब्लाक के पद्माकरपुर गांव को राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने गोद लिया है। सांसदों के जरिए गोद लिए गए गांवों को आदर्श गांव बनाने की प्रक्रिया चल रही है। चयनित गांवों के लोग विकास को लेकर तमाम उम्मीद बांधे हैं। फिलहाल, केन्द्र सरकार ने गांवों में करीब 20 बिन्दुओं पर सर्वे के लिए गाइड लाइन जिलाधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी को भेजी है। सर्वे टीम में जिला स्तरीय अधिकारी शामिल होंगे। टीम गांवों में विकास कार्यों से लेकर लोगों में अच्छी बुरी बातों का भी पता लगाएगी।
जैसे, लोग खाना खाने से पहले साबुन से हाथ धोते हैं या नहीं। सोने के पहले कितने लोग ब्रश करते हैं। गांव में कितने ऐसे लोग हैं जो शौच के लिए बाहर जाते हैं। गांव में शिक्षा का स्तर क्या है। महिला और पुरुष की संख्या। उनमें कितने शिक्षित हैं। टीम में शामिल होने वाले अफसरों की सूची तैयार की जा रही है। टीम के अफसरों का प्रशिक्षण 19 जनवरी से अफीम कोठी में होगा। मुख्य विकास अधिकारी ने सर्वे के प्रशिक्षण की कमान क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थान अफीमकोठी के प्राचार्य केपी सिंह को सौंप दी है। प्राचार्य ने कहा कि 22 जनवरी से सांसद आदर्श गांवों में सर्वे का काम शुरू होगा।
सांसद आदर्श गांवों में सर्वे के लिए भेजी गई गाइड लाइन पर काम शुरू करने के लिए टीम बनाई जा रही है। प्रशिक्षण के बाद सर्वे शुरू होगा। समय के भीतर सरकार को रिपोर्ट भेज दी जाएगी।
रमाकांत तिवारी, डीडीओ/प्रभारी सीडीओ