जिले की सात विधानसभाओं में 170 से अधिक ग्रामीण सड़कों के दिन जल्द ही बहुरेंगे। सदर, विश्वनाथगंज, रानीगंज, पट्टी, रामपुरखास, कुंडा व बाबागंज विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के निर्माण के लिए जनप्रतिनिधियों ने लोक निर्माण विभाग को पत्र भेजा है।
लोक निर्माण विभाग सड़कों का सर्वे कर प्राक्कलन तैयार करने में जुट गया है। 30 मई तक प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। विभागीय अधिकारियों ने जून से जुलाई के बीच बजट स्वीकृत होने की उम्मीद जताई है।
लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता एसके गौतम ने बताया कि जिले में 170 से अधिक ग्रामीण सड़काें के निर्माण के लिए जनप्रतिनिधियों ने पत्र भेजा है। जल्द ही स्टीमेट तैयार कर प्रस्ताव शासन को भेज दिया जाएगा। बताया कि सदर में करीब 35, विश्वनाथगंज में 25, रानीगंज में 36, पट्टी में 30 समेत अन्य विधानसभा क्षेत्रों में सड़कों का निर्माण होगा।
112 सड़कों का जून से शुरू हाेगा निर्माण
जिले में करीब 112 सड़कों का निर्माण कार्य जून से शुरू हो जाएगा। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, लोक निर्माण विभाग को सड़क निर्माण का जिम्मा दिया गया है। शासन ने ग्रामीण सड़कों के निर्माण के लिए 23.29 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है।
ग्रामीण सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। एक्सईएन आरईएस सुजीत राय ने बताया कि बजट मिल चुका है। जून के पहले सप्ताह में सड़कों का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।