सरकारी धन के दुरुपयोग करने पर बीडीओ ने प्रधान और सचिव के खिलाफ रिकवरी का नोटिस जारी किया है। धनराशि के बंदरबांट किए जाने के बाद कार्रवाई से होने से दोषियों में खलबली मच गई है। विकासखंड बाबा बेलखरनाथ धाम के ग्राम पंचायत सांगापट्टी में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन के दुरुपयोग की शिकायत पर सहायक विकास अधिकारी ने जांच की। ग्रामीणों से बातचीत के बाद रिपोर्ट तैयार कर खंड विकास अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत किया गया। रिपोर्ट में धन के दुरुपयोग का मामला उजागर हुआ। राज्य वित्त की धनराशि से संपर्क मार्ग बनाने का कार्य किया जाना था। प्रधान के भतीजे उमेश चंद्र मिश्रा के खाते में धनराशि भेजने की शिकायत सीडीओ से की गई थी। सीडीओ के निर्देश पर सहायक विकास अधिकारी राजू भारती ने जांच पूरी की। बिना कार्य कराए ही धनराशि भुगतान की पुष्टि हुई। मामले को अमर उजाला में प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। बीडीओ राजीव पांडेय ने बताया कि जांच में सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। प्रधान चंद्रमणि मिश्र और सचिव चिरंजीवी लाल पटेल के खिलाफ रिकवरी का नोटिस जारी किया गया है।