माडल स्कूलों में सोमवार से सीबीएसई के तर्ज पर पठन-पाठन प्रारंभ होगा। सदर ब्लाक में चयनित दो प्राइमरी स्कूलों के लिए बुधवार को शिक्षकों की तैनाती कर दी गई है। इन स्कूलों में पूर्व में तैनात शिक्षकों को अन्यत्र भेजा जाएगा।
कान्वेंट स्कूलों की तर्ज पर जिले के दो प्राइमरी स्कूलों में सोमवार से अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई होगी। सदर ब्लाक के प्राइमरी स्कूल भुआलपुरडोमीपुर और राजगढ़ में तेज तर्रार शिक्षकों की तैनाती बुधवार को कर दी गई है। प्राइमरी स्कूल राजगढ़ में अजय प्रकाश दुबे को हेडमास्टर और रवींद्र कुमार पटवा, संतोष चौधरी, नीलम सिंह को सहायक अध्यापक बनाया गया है।
इस स्कूल के लिए चयनित अंजू बाला के नहीं आने के कारण एक पद अभी रिक्त है। जबकि भुआलपुर डोमीपुर में नीलम सिंह को हेडमास्टर और सहायक अध्यापिका के रूप में रुचि चड्ढ़ा, रश्मि मिश्रा, रीता वर्मा, नितिन विश्वकर्मा को तैनात किया गया है। सोमवार को यह शिक्षक स्कूलों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। बीएसए एसटी हुसैन ने बताया कि पूर्व में तैनात शिक्षकों को निकट के स्कूलों में तैनाती दी जाएगी। उन्होंने बताया कि अंग्रेजी माध्यम से चलने वाले स्कूलों के लिए अभी तक किताबें नहीं आई हैं। इसलिए सीबीएसई बोर्ड की किताबों से पठन-पाठन प्रारंभ किया जाएगा।